फर्रुखाबाद (हि.स.)। नवाबगंज थानाक्षेत्र में बेटे के अपहरणकर्ता पिता पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।थाना पुलिस आरोपितों का सहयोग कर रही है। इस मामले में पीड़ित पिता ने एसपी से शिकायत दर्ज कराई है।
मामला थाना क्षेत्र के गांव हरदुआ का है। जहां रमेशचन्द्र के पुत्र अंचल उर्फ गौरव (13) का वर्ष 2017 में अपहरण कर लिया गया था। पीड़ित के पिता ने थाना नवाबगंज में गांव के ही रामवीर, सोबरन सिंह, नन्द किशोर नरेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तत्कालीन थानाध्यक्ष ने आरोपितों से मिल कर मामले में अंतिम रिपोर्ट लगवा दी। पुलिस ने आरोपितों को धारा 107/16 में चालान कर मुकदमे की इतिश्री कर दी। अपहृत अंचल के पिता ने उच्च अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया तो मामले की सीबीसीआईडी जांच लगा दी गई। जिसकी विवेचना कानपुर सीबीसीआईडी को सौंपी गई। आरोपितों ने वहां भी विवेचना प्रभावित करने का प्रयास किया।
पीड़ित रमेश चन्द्र की शिकायत पर विवेचना आगरा सीबीसीआईडी को स्थानांतरित कर दी गई।जिसको लेकर विपक्षी आरोपित बोखला गए। मौजूदा समय में इस अपहरण कांड की विवेचना आगरा से कराई जा रही है। पीड़ित रमेश चन्द्र का आरोप है कि 30 मार्च को आरोपितों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। जब उसने मना किया तो मारपीट पर आमादा हो गए। दबाव बनाने के लिए थाना पुलिस से उसे थाने बुलाकर गाली गलौज कराई। पुलिस ने अपहरण कांड के वादी का ही 107/16 में चालान कर मुचलके पर रिहा कर दिया। आरोपितों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई।
पीड़ित रमेश चंद्र का कहना है कि मामले की शिकायत उसने एसपी से दर्ज कराई। लेकिन दबंग आरोपितों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई। उसने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बेटे के अपहरण में शामिल दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।
चन्द्रपाल
