-आरोपितों पर लगेगी एनएसएस, फॉस्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
-गांव में पीएसी के साथ भारी फोर्स तैनात
बिजनौर (हि.स.)। जनपद में जाट युवक की हत्या करने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। जबकि इस मामले में फरार एक और आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। खुलासे में यह बात सामने आयी है कि गांव के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने के लिए इन युवकों ने युवक की हत्या की थी और गवाही देने पर लोगों को जानमाल की धमकी दी थी।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर के गांव स्योहारा गिरधर निवासी रचित (27 वर्ष) शुक्रवार को खरीददारी करने के बाजार गया था। इसी दौरान झालू के मोहल्ला पीरजादगान निवासी सारिक, शादाब, शहजाद, शाहबाज और आसिफ ने पुरानी रंजिश को लेकर रचित पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक की हत्या के बाद बदमाश बाजार में ही एक दुकान पर बैठकर सिगरेट पीते रहे। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों को धमकाया कि अगर किसी ने भी जुबान खोली तो उसकी भी इसी तरह हत्या कर दी जायेगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस जब आरोपितों को मोटर साइकिल पर बैठाकर थाने ला रहे थे तो उनकी हरकत से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि रचित की हत्या करने का उन्हें कोई मलाल नहीं हैं। एक आरोपित तो फिल्मी अंदाज में अपने बाल को सवांरते हुए मोटर साइकिल पर बैठा इधर घटना की जानकारी पर परिजन व क्षेत्रीय लोगों ने बाजार को बंद कर विरोध करने लगे। जानकारी पर एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता व प्रभारी निरीक्षक पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कहकर आक्रोशितों को शांत कराया।
फास्ट ट्रैक कोट में चलाया जायेगा मामला
एसपी ने बताया कि जनपद में दिनदहाड़े हुई युवक की हत्या के आरोपितों पर एनएसए के तहत कार्रवाई अमल में लायी जायेगी। आरोपितों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जायेगा। फरार एक आरोपित की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है, जल्द ही उसे भी दबोच लिया जायेगा।
गांव में पीएसी लगाई गयी
इस घटना के बाद कही कोई तनावपूर्ण की स्थिति न उत्पन्न हो जाये इसके मद्देनजर गांव में पीएसी की दो कंपनियों को लगाया गया है। साथ ही मजिस्ट्रेट, सीओ दो थाना प्रभारी के साथ भारी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांतिपूर्ण स्थिति को बनाये रखने में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। एसपी ने शनिवार को गांव का निरीक्षण किया और देखा कि स्थिति नियत्रंण में और बाजार भी रोजाना की तरह खुले हुए है।
