Sunday, April 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबिकरु कांड : पुलिस ने अभियुक्तों की चिन्हित की 50 करोड़ रुपये...

बिकरु कांड : पुलिस ने अभियुक्तों की चिन्हित की 50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति

– 100 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का रखा गया है लक्ष्य

कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार 2 के कार्यकाल में भी माफियाओं पर शिकंजा बराबर कसता ही जा रहा है और उनकी अवैध संपत्तियों को भी जब्त किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब कानपुर पुलिस चर्चित बिकरु कांड के अभियुक्तों की 50 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति चिन्हित कर ली है। पुलिस ने 100 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का लक्ष्य रखा है।

दो जुलाई 2020 की अर्धरात्रि में चौबेपुर थाना के बिकरु गांव में गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर विकास दुबे और उसके साथियों ने हमला कर दिया था। हमले में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गये थे। हालांकि बाद में विकास दुबे समेत छह आरोपित पुलिस मुठभेड़ में भी मारे गये। पुलिस ने कुल 44 लोगों को नामजद किया है और अब पुलिस अभियुक्तों की अवैध संपत्ति को चिन्हित कर रही है जिनको जब्त किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक आउटर अजीत सिन्हा ने बुधवार को बताया कि बिकरु कांड में 44 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इन लोगों ने अवैध तरीके से संपत्ति बनाई है जिसकी जांच चल रही है। बताया कि अनुमान है कि इन लोगों के पास 100 करोड़ की अवैध संपत्ति है, फिलहाल 50 करोड़ रुपये की संपत्ति चिन्हित की जा चुकी है। इसमें विकास दुबे की भी संपत्ति है। कोर्ट और जिलाधिकारी की रिपोर्ट आने के बाद अवैध संपत्ति की जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular