वाराणसी (हि.स.)। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर सोमवार को महानगर और जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर उन्हें नमन किया। लहुराबीर स्थित आईएमए परिसर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शिविर में रक्तदान किया।
इस दौरान शिविर में आये राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने बताया कि,भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. अंबेडकर ने आजादी के बाद देश को एकसूत्र में पिरोकर एक नयी ताकत के रूप में उभरने का मार्ग प्रशस्त किया। उनका सम्पूर्ण जीवन देश सेवा को समर्पित रहा। उनके पुण्यतिथि पर कांग्रेस जनों ने रक्तदान किया है।
तिवारी ने केन्द्र और प्रदेश सरकार को निशाने पर लेकर कहा कि वर्तमान परिवेश में सबसे अधिक संविधान को कुचला जा रहा है, लोकतंत्र की हत्या हो रही है। ऐसे में लोकतंत्र व संविधान को बचाना व लोकतंत्र संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ना ही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ व्यवस्था दम तोड़ रही है। बीएचयू की स्थिति अति दयनीय है। लगभग सभी सरकारी चिकित्सालय बदहाली के कगार पर है। ऐसे में हम कांग्रेसजनों द्वारा रक्तदान लगातार करके स्वास्थ समस्याओं में लोगो को राहत मिले जिसे रक्त की जरूरत हो उसे रक्त मिले, इस संवेदनशील भावना से रक्तदान का कार्यक्रम करते है।
रक्तदान करने वालों में पूर्व मंत्री अजय राय के पुत्र शान्तनु राय, जिला व महानगर अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, राघवेन्द्र चौबे, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, विश्वनाथ कुंवर, खगोलन राय,हसन मेहदी आदि रहे।
