– पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर बैठक
– फर्टिलाइजर मैदान में ही कार्यकर्ताओं के कसे पेंच
गोरखपुर (हि.स.)। गोरखपुर स्थित फर्टिलाइजर और एम्स के उद्घाटन करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। व्यवस्था में जुटे कार्यकर्ताओं को पूरी शिद्दत से जुटे रहने का आह्वान किया तो आम लोगों को सभास्थल तक पहुंचने में आने वाली दिक्कतों को दूर करने की कोशिशों को परवान चढ़ाने की नसीहत दी।
दरअसल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह ने फर्टिलाइजर मैदान में ही व्यवस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं को बुला रखा था। उन्होंने यहीं पर उन्होंने व्यवस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं की क्लास लगा दी। पार्किंग, वाहन, भोजन, जलपान, मीडिया आदि व्यवस्थाओं से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं से एक एक कार तैयारियों के बावत पूछताछ शुरू की। अलग-अलग व्यवस्थाओं से जुड़े एक-एक कार्यकर्ता ने अपनी तैयारी बतानी शुरू की। सबसे वृत्त लेने के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष ने उन्हें नसीहत भी दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि 07 दिसंबर को एम्स और फर्टिलाइजर के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी आ रहे हैं। यह न सिर्फ गोरखपुर बल्कि पूर्वांचल के लिए अब तक की सबसे बड़ी सौगात होगी। इसलिए उनका स्वागत व अभिनंदन समारोह भी भव्य होना चाहिए।
कहा कि फर्टिलाइजर मैदान में होने वाली विशाल रैली में पीएम को सुनने के लिए भारी संख्या में लोगों का आना होगा। उन्हें किसी भी तरह की तकलीफ नहीं होनी चाहिए। यह बात अलग है कि प्रशासनिक अमला ने तैयारियां कर रखी हैं। बावजूद इसके भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम भी सक्रिय रहेगी। जिन्हें जिम्मेदारी मिली है, वे निश्चित समय और स्थान पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
इस दौरान वहां गोरखपुर क्षेत्र के सह प्रभारी व राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर, क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजितांशु सिंह आशु, जिला अध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, मीडिया संपर्क विभाग के क्षेत्रीय संयोजक सिद्धार्थ पांडेय, सह मीडिया प्रभारी गोरखपुर क्षेत्र विनय सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष सत्यार्थ मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष रणविजय शाही, इंद्रमणि उपाध्याय, अजय श्रीवास्तव, देवेश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
