गाजियाबाद(हि.स.)। मुरादनगर थाने की अग्रसेन विहार कालोनी में होली खेलने के बाद बाथ रूम में नहाने गए दम्पति की उस समय दर्दनाक मौत हो गयी जब बाथरूम में लगा गैस गीजर लीक हो गया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण रवि कुमार ने बताया कि बुधवार को होली खेलने के बाद 40 वर्षीय दीपक और उनकी 36 वर्षीय पत्नी शिल्पी अपने घर की दूसरी मंजिल पर नहाने के लिए बाथरूम में गए थे। दम्पति ने गीजर शुरू किया लेकिन इस दौरान उन्होंने गैस के रिसाव पर ध्यान नहीं दिया और बेहोश हो गए।
जब काफी देर तक दोनों बाथरूम से बाहर नहीं आए तो उनके बच्चों ने बाथरूम का दरवाजा खोला। बाथरूम में दोनों बेहोश मिले। दोनों को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
फरमान अली
