Sunday, September 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलिया में हुई विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति की...

बलिया में हुई विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति की बैठक

बलिया(हि.स.)। विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति की बैठक एमएलसी आशुतोष सिन्हा की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। एमएलसी सिन्हा ने कहा कि समिति की बैठक में दिये गये निर्देश को गंभीरता से लेते हुए हर बिंदु का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

समिति के सदस्यों ने कहा कि अधिकारी जनता की बातों को सुनें। उनकी समस्याओं को प्राथमिकता पर लेकर समाधान सुनिश्चित कराएं। चारागाह, तालाब व ग्राम की साार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण को गंभीरता से लें और हटवाएं। कहा कि जिला योजना में विधायकों के अलावा एमएलसी का भी प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार हो।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान आरटीई एक्ट के तहत अलाभित निर्बल परिवार के बच्चों को प्राईवेट स्कूल में प्रवेश की स्थिति की जानकारी ली। सदस्यों ने कहा कि इस नियम का प्रचार-प्रसार पूरे जिले में कराया जाए। परिषदीय विद्यालयों में अध्यापकों की समय से उपस्थिति पर भी जोर दिया।

विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने कहा कि हर शुक्रवार को होने वाली जन चौपाल में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से बुलाया जाए। इससे क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान छोटे स्तर पर ही हो जाएगा। सरकारी योजनाओं से सम्बन्धित शिकायतों की जांच निर्धारित समय के अन्दर कर ली जाए। यह सुनिश्चित कराया जाए कि योजना का लाभ पात्र को ही मिले। बाल संरक्षण गृह व राजकीय बालिका गृह की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए प्रोबेशन अधिकारी मो मुमताज को फटकार लगाई।

बाल श्रम से सम्बन्धित मामलों की समीक्षा के दौरान सदस्यों ने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट व ढाबा आदि के साफ सफाई में किचन में तथा बर्तन धोने के स्थल पर जाकर देखा जाए कि कोई बाल मजदूर तो नहीं रखा गया है। बैठक में शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव, एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी, जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार, एसपी एस आनन्द, सीडीओ प्रवीण वर्मा, एडीएम डीपी सिंह, एएसपी दुर्गा प्रसाद तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

एन पंकज/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular