Saturday, June 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलिया में गंगा की उतरती लहरों का तांडव, तेज हुई कटान

बलिया में गंगा की उतरती लहरों का तांडव, तेज हुई कटान

बलिया (हि. स.)। बैरिया इलाके के गोपालपुर में शुक्रवार की देर रात से गंगा के सोहरा कटान के चलते ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। तेज कटान के बीच देखते ही देखते करीब पच्चीस बीघा उपजाऊ जमीन गंगा में समाहित हो चुकी है। पास में ही श्री कन्हई ब्रम्ह बाबा का प्राचीन स्थान का आधा हिस्सा भी गंगा में विलीन हो गया।

बगल में ही बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज से कुछ ही दूरी पर गंगा नदी का धारा घूमने लगा। शनिवार को ग्रामीणों का कहना था कि पूरा गांव कन्हई ब्रम्ह बाबा के स्थान को देखकर संतुष्ट था, लेकिन जैसे ही कन्हई ब्रह्म बाबा का चबूतरा का आधा भाग गंगा में समाहित हुआ वैसे ही क्षेत्रीय लोग दहशत में आ गए। बाढ़ के बाद गंगा की उतरती लहरों को देख स्थानीय लोग काफी सहम गए हैं।

ग्रामीणों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। सूचना पर पहुंचे बाढ़ विभाग के अधिकारीयों को भी कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर कटान को कैसे रोका जाए। बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियन्ता संजय मिश्र व एसडीओ मोहित गुप्ता जावेद अहमद प्रशांत गुप्ता समेत सभी विभागीय अधिकारी मौके पर डटे रहे। जेसीबी मशीन एवं जालियों में बोरियां भर कर गंगा के कटान को रोकने का असफल प्रयास करते रहे। वहीं, कटान की सूचना पर पहुंचे बैरिया उप जिला अधिकारी अत्रेय मिश्र ने भी हालात का जायजा लिया। बाढ़ विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बहुत ही भयावह स्थिति है। यथाशीघ्र आकर कटान रोकने के लिए कार्य में लग जाएं। रेतीली मिट्टी होने के कारण सोहरा कटान हो रहा है। यह कटान अपने आप रुक जाएगा, इससे घबराने की बात नहीं है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular