बलरामपुर(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में ऐतिहासिक निवेश हुआ है। यह भारत के किसी भी राज्य में आयोजित अब तक के सबसे बड़े निवेशक सम्मेलनों में से एक है। देश को पांच ट्रिलियन डॉलर एवं उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकोनाॅमी बनाने का सपना जल्द ही पूरा होगा। यह बातें एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर पहुंचे जनपद के प्रभारी व राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने बताया गया कि 41 देशों के लगभग एक हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय समिट में भाग लिया। केन्द्र सरकार के लगभग 17 मंत्री समिट में शामिल हुए । राज्य सरकार ने 16 देशों के 21 शहरों में अन्तरराष्ट्रीय निवेशक बैठक आयोजित की। देश के 10 शहरों में रोड शो किया गया। प्रदेश के सभी 75 जिलों में जिलास्तरीय रोड शो और इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन हुआ।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेशकों के लिए निवेश फ्रेंडली माहौल बना है, जिसका सबसे बड़ा कारण लॉ एंड ऑर्डर में सुधार है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा कंजूमर एवं लेबर मार्केट है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेशक प्रदेश में निवेश करने को इच्छुक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन जो कि देश को पांच ट्रिलियन डॉलर एवं उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाने का है वो जल्द पूरा होगा।
नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में कुल 19250 एमओयू में से 4804 एमओयू पूर्वांचल के हैं, जो कुल निवेश का 20.49 प्रतिशत है। जनपद बलरामपुर में अब तक कुल 172 निवेश प्रस्ताव 1238.10 करोड़ रुपये के प्राप्त हुए है, जिसके सापेक्ष 152 एमओयू 1085. 35 करोड़ रुपये के हस्ताक्षरित हुए है।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल एक दिवसीय भ्रमण पर मंगलवार को जनपद पहुंचे थे। कलेक्ट्रेट सभागार में मंत्री के अध्यक्षता में यूपी इन्वेस्टर्स समिट से सम्बन्धित फिल्म के प्रदर्शन व जिला उद्योग बन्धु की बैठक की गई। बैठक में जिलास्तरीय अधिकारी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रभाकर
