फ्रांस में ओमीक्रोन वैरिएंट के आठ संदिग्ध केस, ब्रिटेन में भी बढ़े मामले

लंदन (हि. सं.)। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमीक्रोन को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से चिंता का कारण बताये जाने के बाद दुनिया में इसको लेकर खौफ देखा जा रहा है। इसके बाद दुनिया के कई और देशों में ओमीक्रोन के मामले सामने आए हैं।

ओमिक्रोन को रोकने के लिए कई देश पहले यात्रा प्रतिबंध के बाद अब विदेशी नागरिकों के लिए अपने दरवाजे बंद करने लगे हैं। इस नए खतरे से निपटने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं और टीकाकरण बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

पुर्तगाल के लिस्बन स्थित बेलेंनसेस फुटबाल क्लब के 13 सदस्यों को सोमवार को ओमीक्रोन से संक्रमित पाया गया। इनमें से एक सदस्य हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटा था। चूंकि, बाकी सदस्य दक्षिण अफ्रीका नहीं गए थे, इसलिए इसे स्थानीय स्तर पर ओमीक्रोन वैरिएंट फैलने का पहला मामला माना जा रहा है। इसके एक दिन पहले ही नीदरलैंड्स में 13 लोगों में नया वैरिएंट पाया गया था। ये सभी उन 61 लोगों में शामिल थे, जिन्हें दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद एयरपोर्ट पर संक्रमित पाया गया था।

ब्रिटेन के स्काटलैंड में भी सोमवार को छह लोग इस नए वैरिएंट से संक्रमित मिले। ब्रिटेन में ओमीक्रोन के कुल नौ मामले हो गए हैं। इसके पहले इंग्लैंड में तीन और फ्रांस में भी ओमीक्रोन के आठ संदिग्ध मामले मिले हैं। ये सभी लोग पिछले दो हफ्ते के बीच अफ्रीकी देशों से लौटे थे।

चीन में कोरोना संक्रमण के 21 नए मामले पाए गए हैं। हालांकि, इनमें से किसी में अभी ओमीक्रोन के पाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। नए वैरिएंट से खतरे की आशंका में चीन के शेयर बाजार में गिरावट आई है। इजरायल और मोरक्को के बाद जापान ने भी मंगलवार से अपने यहां विदेशी नागरिकों के देश में प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

दक्षिणी अफ्रीकी देशों के खिलाफ यात्रा प्रतिबंध लगाने वाले देशों में न्यूजीलैंड, थाइलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर, मालदीव, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, ईरान, मोरक्को, आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, श्रीलंका, सऊदी अरब, ब्राजील, कनाडा, इजरायल, जापान और अमेरिका शामिल हैं। मोरक्को ने भी दो हफ्ते के लिए सभी देशों से आने वाली उड़ानों को रोक दिया है। इतना ही नहीं, अब कुल 10 अफ्रीकी देश यात्रा प्रतिबंधों के दायरे में आ चुके हैं। इनमें इस्वातिनी (पुराना नाम स्वाजीलैंड), लेसेथो, नामीबिया, अंगोला, मालावी, मोजांबिक, जांबिया, बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल हैं। अब तक इस नए वैरिएंट के मामले आस्ट्रेलिया, डेनमार्क, ब्रिटेन, इटली, नीदरलैंड, बेल्जियम, बोत्सवाना, इजरायल और हांगकांग में पाए जा चुके हैं।

error: Content is protected !!