-टॉयर फटने से अनियंत्रित हुआ ट्रक, घायलों का चल रहा इलाज
फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना टूंडला क्षेत्र में गुरुवार की देर रात टायर फटने से अनियंत्रित हुए ट्रक की टक्कर से वैन खाई में पलट गई। हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार चल रहा है।
आगरा जिले के ताजगंज निवासी बबलू, सनी, रफीक खान, रिहान, अमन वैन से फिरोजाबाद आए थे। यह लोग वैन से गुरुवार की देर रात वापस आगरा जा रहे थे। उनके साथ नसीरगंज निवासी सिमरन पुत्री अरबाज खान भी साथ थी। जैसे ही वैन थाना टूंडला क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप स्थित जलसा रिसॉर्ट के सामने पहुंची तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक का टायर फटने से वह अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित ट्रक ओमिनी वैन से जा टकराया। टक्कर के बाद वैन खाई में गिर गई। वैन सवार सभी लोग घायल हो गये। चीख पुकार सुन लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची टूण्डला पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सक ने चालक जयराज चौहान निवासी लोहामंडी आगरा और रफीक खान को मृत घोषित कर दिया। बाकी लोगों को भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया है। थाना टूण्डला पुलिस ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कौशल/दिलीप
