Sunday, April 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद : चीनी मिल में बड़ा हादसा, दो मजदूर गम्भीर रूप से...

फर्रुखाबाद : चीनी मिल में बड़ा हादसा, दो मजदूर गम्भीर रूप से झुलसे

– जूसर हीटर का बोल्ट टूटने से हुआ हादसा
फर्रुखाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के सहकारी चीनी मिल कायमगंज में गन्ना जूसर हीटर बोल्ट टूट जाने से दो मजदूर गम्भीर रूप से झुलस गए हैं। रविवार की सुबह हुए हादसे के बाद मिल कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन दोनों मजदूरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। 
चीनी मिल के महाप्रबंधक किशनलाल ने बताया कि चीनी मिल में गन्ना के जूस को खोलाने के लिए 5 जूस हीटर लगे हुए हैं। इनका तापमान 105 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच जाता है। इस तापमान को कम करने के लिए आज श्रमिक मनोज कुमार यादव (26) निवासी शिवरई बरियार और दीपक पाल (30) निवासी उलियापुर जूसर हीटर का बोल्ट खोल रहे थे। उसी समय बोल्ट टूट गया। नतीजतन एकाएक मजदूरों के ऊपर खोलता हुआ गन्ना का जूस गिर गया, जिससे मजदूर 80 फीसदी झुलस गए। 
गंभीर हालत में केमिस्ट अमित कुशवाहा और अन्य कर्मचारी इन झुलसे मजदूरों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उनकी हालत को गंभीर देखते हुए लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।जहां दोनो की हातल चिंता जनक बनी हुई है। केमिस्ट अमित कुशवाहा ने बताया कि चीनी बनाने के लिए इन्हीं जूसर हीटरों में गन्ने का जूस खोलाया जाता है। यह जूस 105 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बाद तापमान कम करने के लिए जूसर हीटर के बोल्ट खोल कर तापमान कम किया जाता है। इन्हीं बोल्ट को खोलते समय आज यहां हादसा हो गया। जिससे मिल के दो मजदूरों की जान पर बन आई है। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है। 
उधर, दूसरी तरफ जिस समय मजदूरों के ऊपर खौलता हुआ गन्ने का जूस गिरा उस समय अन्य कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। आनन-फानन जूसर हीटर बंद कर दिए गए। 

RELATED ARTICLES

Most Popular