Monday, August 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशफरार सपा विधायक की जमानत मामले में न्यायालय आज होगी सुनवाई

फरार सपा विधायक की जमानत मामले में न्यायालय आज होगी सुनवाई

कानपुर (हि.स.)। महिला की जमीन पर कब्जे की शिकायत मामले में दर्ज हुए मुकदमे के बाद से फरार सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई की जमानत पर न्यायालय में सुनवाई आज शुक्रवार को होनी है। फरार विधायक की गिरफ्तारी के लिए कानपुर पुलिस कमिश्नर ने खुफिया एजेंसियों को सक्रिय करते हुए शहर में जाल बिछा दिया है।

जाजमऊ में एक जमीन कब्जे के मामले में नजीर फातिमा ने सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद से दोनों पुलिस से बचने के लिए घर से फरार हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले विधायक की लोकेशन दक्षिण भारत के एक शहर में मिली थी जबकि इससे पूर्व वह महाराष्ट्र में थे। विधायक की तलाश में पुलिस की एक टीम मंगलवार को महाराष्ट्र भी गयी थी, जहां पर विधायक के एक रिश्तेदार रहते हैं।

पुलिस टीम ने वहां जाकर विधायक के रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। टीम अभी महाराष्ट्र में ही डेरा डाले हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने एलआईयू की भी फरार विधायक व उनके भाई के सुराग के लिए लगाया गया है। रिश्तेदारों और विधायक के घर के आस-पास भी एलआईयू को तैनात किया गया है।

इसी मामले में न्यायालय में शुक्रवार को दोनों की जमानत अर्जी को लेकर सुनवाई होनी है। पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों भाई कोर्ट में जमानत के लिए हाजिर हो सकते हैं। जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही पुलिस ने कचहरी परिसर के चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा लगा दिया है।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular