फतेहपुर (हि.स.)। जिले में मंगलवार को दो जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने के तीन माह के भीतर जातीय जनगणना कराई जायेगी। मंहगाई व बढ़े बिजली के बिलों की मार से जूझ रहे किसानों का ऋण माफ करना भी हमारी सरकार की प्राथमिकता होगी।
आज जिले में सदर फतेहपुर के मुस्लिम इंटर कॉलेज व जहानाबाद विधानसभा के जहानाबाद कस्बे में सपा प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दो जनसभाओं के माध्यम से सपा समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने के बाद बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक की बिजली फ्री कर दी जायेगी। वहीं किसानों को बड़ी राहत दी जाने वाली है, उनके ट्यूबवेल का बिल खत्म कर दिया जायेगा।
उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सपा की सरकार बनाओ,आपकी पुरानी पेंशन पुनः बहाल की जायेगी। विभिन्न विभागों में जो भर्तिया़ं रुकी हैं, उन्हें भरते हुए बेरोजगार युवकों को नौकरी देने का काम किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि 69000 शिक्षकों की भर्ती को योगी बाबा की सरकार ने जो रोक रखा है, वह की जायेगी। साथ ही शिक्षामित्रों को पुन: बहाल करते हुए उनका मानदेय बढ़ाया जायेगा।
अन्ना मवेशी की समस्या पर बोलते हुए कहा कि योगी बाबा के सांड़ों को खेतों से भगाया जायेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए किसानों से पूछा कि भाजपा ने पांच साल पहले आय दुगनी करने का वादा पूरा किया कि नहीं। जनसभा ने कहा नहीं। उन्होंने पूछा भाजपा की सरकार बनाओगे या सपा की। जनसभा ने आवाज बुलंद करते हुए कहा- सपा की। जनसभा के उत्साह व उनसे मिल रहे समर्थन से सपा मुखिया गदगद नजर आये।
देवेन्द्र
