बनारस स्टेशन पर डीआरएम ने की अगवानी, समीक्षात्मक परिचर्चा
वाराणसी (हि.स.)। प्रमुख कार्यकारी निदेशक (गति शक्ति), रेलवे बोर्ड अनिल कुमार खंडेलवाल दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। दौरे में अनिल कुमार खंडेलवाल ने नई दिल्ली-बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस से प्रयागराज से बनारस रेलवे स्टेशन तक रियर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। बनारस स्टेशन पर पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने मण्डलीय अधिकारियों के साथ उनकी अगवानी की।
प्रमुख कार्यकारी निदेशक ने बनारस स्टेशन पर उपलब्ध सुख सुविधाओं समेत द्रुतगामी गति से गाड़ियों के परिचालन में उन्नत रेलवे ट्रैक,हाई स्पीड कैमरे व सेंसर युक्त ब्लॉक हट एवं एल ई डी युक्त कलर लाइट सिगनलिंग व रूट रिले इंटरलॉकिंग प्रणाली का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेन्दु सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक की।
वाराणसी मंडल पर चल रही गतिशक्ति से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं, विकास कार्यों एवं कार्यों की वर्तमान प्रगति का विवरण पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से देखा और संबंधित संभागीय अधिकारियों से समीक्षात्मक परिचर्चा में वाराणसी मंडल पर गाड़ियों की गति सीमा बढ़ाने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक(परिचालन) ज्ञानेश त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक(इंफ्रास्ट्रक्चर)राहुल श्रीवास्तव,चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर(गतिशक्ति) कौशलेश सिंह,चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर(रेल विकास निगम लिमिटेड) वी के शुक्ला, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ए पी सिंह आदि भी उपस्थित रहे।
मालवीय ब्रिज का भी किया निरीक्षण
प्रमुख कार्यकारी निदेशक (गति शक्ति )अनिल कुमार खंडेलवाल ने वाराणसी दौरे में उत्तर रेलवे के वाराणसी जक्शन, काशी रेलवे स्टेशन पर चल रहे यार्ड रिमॉडलिंग,यात्री सुविधाओं के विकास समेत परिचलनिक सुगमता के कार्यो का भी निरीक्षण किया। और संबंधित अफसरों को दिशा निर्देश दिया। इसके पश्चात उन्होंने गंगा नदी पर प्रस्तावित नए मालवीय ब्रिज प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य योजना आरेख का अवलोकन किया।
श्रीधर
