Friday, September 25, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलप्रतिदिन भूखों का पेट भर रही तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई

प्रतिदिन भूखों का पेट भर रही तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई

लखनऊ (हि.स.)। लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में प्रतिदिन अपने परिजन का उपचार कराने पहुंचने वाले लोगों के लिए तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई पेट भर भोजन करने की उत्तम व्यवस्था देती है। भूखों का पेट भर रही रसोई के कर्मचारी भी लोगों को भोजन परोसते हुए थकते नहीं है।

सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा.राजेश्वर सिंह की ओर से कुछ समय पहले दो हजार क्षमता वाली तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई की शुरुआत लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में की थी। रसोई में प्रतिदिन चावल, दाल या चालव सब्जी, रोटी दाल या रोटी सब्जी तैयार कर वितरण किया जाता है। दिन के वक्त 12 बजे से लगातार भोजन की थाली परोसी जाती है।

लोकबंधु अस्पताल के अस्थायी कर्मचारी सतगुरु ने बताया कि लोकबंधु अस्पताल में सैकड़ों लोगों को तारा शक्ति रसोई का आसरा रहता है। लोगों को मरीज दिखाने के बाद भोजन मिल जाता है। वैसे तो अस्पताल के कर्मचारी अपना भोजन लेकर आते हैं। किसी दूसरी परिस्थिति में रसोई का भोजन कर उनके जैसे कर्मचारी भी तृप्त होते हैं।

उन्होंने बताया कि सेवा कार्य करने वाले स्थानीय विधायक की पहल पर यह उत्तम सेवा कार्य चल रहा है। जिससे लाभांवित होने वाले लोगों की संख्या पर्याप्त है। वहीं अस्पताल में हजारों लोग प्रतिदिन उपचार कराने आते हैं और देर हो जाने पर नि:शुल्क रसोई में भोजन की सेवा प्राप्त करते हैं।

मरीज दिखाने आये ओमप्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में विधायक राजेश्वर सिंह की ओर से चल रही रसोई सेवा का भोजन उन्होंने प्राप्त किया। वह मरीज दिखाने आये थे, कुछ जांच कराने में समय लगा तो उन्हें भोजन भी मिल गया। इसके बाद अब वह अपने घर को लौट रहे हैं। रसोई का भोजन शुद्धता से भरपूर है और इसे खाने में घर जैसे भोजन की अनुभूति हो रही है।

तारा शक्ति नि:शुल्क रसोई के सेवा कर्मियों की मानें तो वे समस्त लोगों को भोजन कराने के बाद ही स्वयं भोजन करते हैं। सेवा कार्य में उनका मन पूरी तरह से लगा हुआ है। ये सेवा कार्य विधायक राजेश्वर सिंह की ओर से चलाया जा रहा है, इस कारण रसोई के संचालन में होने वाली दिक्कतों की जानकारी विधायक स्वयं करते रहते हैं। जिससे रसोई संचालन में कोई समस्या नहीं आती।

शरद/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular