प्रतापगढ़ (हि.स.)। रानीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। घायल बदमाश को इलाज के लिए प्रयागराज ले जाया गया है।
रानीगंज थानांतर्गत बुढौरा मोड़ के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। बदमाशों और पुलिस के बीच कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच उसका साथी भाग निकला। बदमाश की पहचान अतहर के रुप में हुई है। घायल होने पर उसे इलाज के लिए प्रयागराज भेजा गया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र द्विवेदी का कहना है कि पकड़े गए बदमाश ने अपने साथी के साथ मिलकर 25 जुलाई को दो भाईयों को गोली मारकर घायल कर दिया था। इस वारदात के बाद कई महीनों तक यह बदमाश फरार चल रहे थे।
