Thursday, August 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूर्व सीएम अखिलेश यादव बांदा से हुंकार भरते हुए, शुरू करेंगे बुंदेलखंड...

पूर्व सीएम अखिलेश यादव बांदा से हुंकार भरते हुए, शुरू करेंगे बुंदेलखंड का दौरा

बांदा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुंदेलखंड के जनपद बांदा से बुंदेलखंड का भ्रमण करेंगे और बुंदेलखंड फतेह करने के लिए महोबा से चुनावी शंखनाद करेंगे।

प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहा है, वैसे ही सभी राजनीतिक दलों ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। इसी महीने प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री ने महोबा पहुंचकर चुनावी शंखनाद किया था। इसके बाद कल कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी भी महोबा की धरती से चुनावी गर्जना करेंगी। वही, समाजवादी पार्टी भी पीछे नहीं रहना चाहती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने चुनाव अभियान की शुरुआत चित्रकूट मंडल के बांदा जनपद से करेंगे।

उनका यह अभियान 01 दिसम्बर से शुरू होगा। कार्यक्रम के मुताबिक श्री यादव 01 दिसम्बर को पूर्वान्ह 10.45 बजे पुलिस लाइन बांदा में हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे और 11.15 बजे राजकीय इंटर कॉलेज मैदान से रथ में सवार होकर जनता से संवाद करते हुए चुनाव अभियान शुरू करेंगे।

इस दौरान बांदा के बहुचर्चित अमन हत्याकांड के मामले में उनके माता पिता भाजपा नेता संजय त्रिपाठी व मधु त्रिपाठी से मुलाकात करेंगे। श्री यादव ने इस मामले में पहले ही एक प्रतिनिधिमंडल भेज कर सपा का समर्थन व्यक्त किया था। अमन त्रिपाठी के परिजनों से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव महोबा के लिए रवाना होंगे। उसी दिन दोपहर 2.20 महोबा में विशाल जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। इस दौरान वह बुंदेलखंड में चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे।

रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन प्राइवेट हेलीकॉप्टर से ललितपुर रवाना होंगे यहां भी जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है इसके बाद ललितपुर में कई कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां से झांसी रवाना होंगे झांसी में भी जनसंपर्क करने के बाद माेंठ में जनसभा करने के बाद लखनऊ लौट जाएंगे।

इस तरह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 03 दिन में बुंदेलखंड की तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। सपा नेता का प्रस्तावित कार्यक्रम आते ही बुंदेलखंड के उपरोक्त सभी जनपदों में जनसभाओं को सफल बनाने के लिए समाजवादी पार्टी ने अभियान तेज कर दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular