मेरठ (हि.स.)। मीट कारोबारी और पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी का तिलिस्म टूट गया है। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए पूरे परिवार समेत फरार पूर्व मंत्री की संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है। उसकी चल-अचल संपत्ति को खंगाला जा रहा है।
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की अलफहीम मीट फैक्ट्री में पुलिस प्रशासन को छापे में पांच करोड़ रुपए का मीट मिला। जबकि इस फैक्ट्री पर सील लगी हुई थी और बिना लाइसेंस के फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस ने बरामद मीट को नष्ट कर दिया और याकूब, उसकी पत्नी संजीदा, बेटे इमरान, फिरोज समेत 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद जवाब देने के लिए याकूब की फैक्ट्री और घर पर नोटिस चस्पा किया गया, लेकिन याकूब परिवार समेत फरार हो गए। कोर्ट से याकूब के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया जा चुका है। याकूब का बिना लाइसेंस चल रहा अस्पताल भी सील हो चुका है। उसके सराय बहलीम स्थित पुराने घर में बिना नक्शा पास बेसमेंट को भी गिराने की तैयारी की जा रही है।
कुर्की की तैयारी में जुटी पुलिस
याकूब के परिवार समेत फरार होने और पुलिस की पकड़ में नहीं आने के कारण अब उसकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पुलिस प्रशासनिक अधिकारी उसकी चल-अचल संपत्ति खंगालने में जुटे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहले याकूब की लोकेशन दिल्ली में मिली थी, अब उसकी लोकेशन राजस्थान में मिल रही है। उसके परिवार के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर छिपे हुए हैं। याकूब के साथ काम करने वाले उसके रिश्तेदार भी अपने घरों पर ताले लगाकर फरार हो गए हैं।
याकूब की संपत्ति खोजी जा रही
याकूब के सराय बहलीम में दो मकान, पोदीवाड़ज्ञ में एक मकान, एक डेयरी, एक गैराज, एक मीट फैक्ट्री, एक थार गाड़ी, एक बोलेरी गाड़ी का अभी तक पता चला है। उसकी संपत्ति खोजने के लिए अधिकारी लगाए गए हैं। इसके साथ ही एमडीए उसकी मीट फैक्ट्री को ध्वस्त करने की तैयारी कर रहा है।
मीट सैंपल जांच में हो गए फेल
याकूब कुरैशी की मीट फैक्ट्री में मिले मीट के सभी छह सेंपल जांच में फेल हो गए हैं। लखनऊ स्थित जनविश्लेषक प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में मीट में फंगस और बाल भी मिले हैं। जांच में कहा गया कि यह मीट खाने लायक नहीं था। जिला प्रशासन इस मामले में भी कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी का कहना है कि याकूब कुरैशी और उसके परिवार को पकड़ने के लिए टीमें लगी हुई है। गिरफ्तार नहीं होने पर कुर्की की जाएगी।
कुलदीप
