मथुरा (हि.स.)। आगरा का दस हजार का इनामी गैंगस्टर को उसके दो साथियों के साथ मथुरा पुलिस ने मुठभेड़ कर पकड़ा है। राया थाना पुलिस और स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) को यह कामयाबी तब मिली जब तीनों बदमाश मोटर साइकिल से किसी वारदात को अंजाम देने निकले थे। मुठभेड़ में इनामी बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
पुलिस अधीक्षक देहात त्रिगुन बिसेन ने शुक्रवार को बताया कि थाना राया पुलिस और एसटीएफ की टीम को पुरस्कार घोषित अपराधियों को पकड़ने के लिए लगाया गया है। इसी क्रम में टीम को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बलदेव से राया इलाके की तरफ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर थाना राया की पुलिस और एसटीएफ की टीम ने चेकिंग शुरू कराई। तभी तीन बदमाश एक मोटर साइकिल पर आते दिखाई दिए। रोकने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शैलेन्द्र उर्फ शैलू पुत्र सत्यवीर सिंह निवासी ग्राम नंगला देह थाना मांट के पैर में गोली जा लगी।टीम ने घेराबंदी कर शैलेन्द्र के साथी कन्हैया उर्फ कान्हा पुत्र मुकेश कुमार व सीताराम पुत्र हटपाल सिंह उर्फ हट्टा निवासीगण ग्राम नंगला देह थाना मांट को पकड़ लिया गया।
एसपी देहात ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश शैलेन्द्र गैंगस्टर एक्ट में जनपद आगरा से वांछित है और उसके ऊपर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। गैंगस्टर के खिलाफ लगभग 10 मुकदमे आगरा एवं अन्य क्षेत्रों में दर्ज हैं। इसके दो अन्य साथी हैं, जो उसी के गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने मौके से तीन तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल बदमाश को नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
महेश
