Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेश पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी घायल

 पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, 25 हजार का इनामी घायल

प्रयागराज/कौशाम्बी (हि.स.)। कौशाम्बी जिले में अंतरजनपदीय बदमाशों और एसओजी पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गैंगस्टर एक्ट का आरोपी सुहेल घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ बदामाश पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। सुहेल पर पिपरी और चरवा थाने में पशु चोरी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस मुताबिक पिपरी थाना क्षेत्र में कई दिनों से पशु चोरी की घटनाएं हो रही थीं। गत दिनों कार सवार बदमाशों से पिपरी थाना क्षेत्र में पुलिस की मुठभेड़ भी हुई थी। मुठभेड़ में बदमाश गाड़ी छोड़कर भाग निकले थे। पुलिस की टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए जुटी थीं। दो दिन पहले इस मामले में दो बदमाश पकड़े गए थे। अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम और पिपरी पुलिस को लगाया गया था। सोमवार सुबह तड़के लगभग 3ः40 बजे इस गिरोह के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बदमाश सुहेल पुलिस की गोली से घायल हो गया और उसके दो साथी मौके से भाग निकले।

एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि थाना पिपरी एवं आसपास के कई थाना क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से पशु चोरी की शिकायत आ रही थी। इस संबंध में कुछ दिनों पहले पिपरी थाना क्षेत्र में बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ भी हुई थी,जिसमें बदमाश अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए हमारी टीमें लगी हुई थी।

इसी क्रम में आज एक जगह पर घटना होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर स्वाट टीम के प्रभारी एवं पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस की उनके साथ मुठभेड़ हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सुहेल खागा का रहने वाला है। सुहेल का काफी लंबा आपराधिक इतिहास है। सुहेल के खिलाफ लगभग 15 से अधिक मुकदमें पशु चोरी के हैं। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट का भी मुकदमा दर्ज है। फतेहपुर और रायबरेली से भी सुहेल जेल जा चुका है। कौशाम्बी में सुहेल फरार चल रहा था। सुहेल पर 25 हजार का इनाम भी घोषित था।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular