Monday, September 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपीईटी परीक्षा में दो मुन्नाभाई समेत चार पकड़े गए

पीईटी परीक्षा में दो मुन्नाभाई समेत चार पकड़े गए

मेरठ(हि.स.)। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2022 में शनिवार को शामली जिले में दो मुन्नाभाई समेत चार आरोपित पकड़े गए। पुलिस इन आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है। आरोपितों ने बीस-बीस हजार रुपये में अभ्यर्थियों को पास कराने का ठेका लिया था।

प्रदेश में 15 और 16 अक्टूबर को उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2022 का आयोजन किया जा रहा है। शामली के जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि जिले में 13 केंद्रों पर 26 हजार 764 अभ्यर्थी भाग लेंगे। शनिवार को पहली पाली में पंजीकृत 6696 अभ्यर्थियों में से 4504 ने परीक्षा में भाग लिया। इनमें से 2192 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। देशभक्त इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र से पुलिस ने दो मुन्नाभाई पकड़े। उनमें से एक बिहार के नालंदा का रहने वाला रोहित है और दूसरा अमित है। यह भी बिहार के मुंगेर जिले का है। इनके पास से फर्जी आधार कार्ड और प्रवेश पत्र मिले हैं।

यह दोनों मेरठ और बागपत जिले के अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। इनके दो साथियों को भी पुलिस ने पकड़ा है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 20-20 हजार रुपये में परीक्षा पास कराने का ठेका लिया था। पुलिस इन सभी आरोपितों से पूछताछ करने में जुटी है। पहली पाली में मुन्नाभाई पकड़े जाने के कारण दूसरी पाली की परीक्षा में सख्ती बढ़ा दी गई। पुलिस का कहना है कि अभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

मेरठ के डीएम और एसएसपी ने जायजा लिया

मेरठ जिले में पीईटी परीक्षा के लिए 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए मेरठ शहर को 19 सेक्टरों में बांटा गया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने शनिवार को पीईटी परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने सीएबी इंटर कॉलेज, देवनागरी इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरा, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा हॉल आदि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेरठ में परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की कमान एसपी यातायात जेके श्रीवास्तव ने संभाली हुई है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular