वाराणसी (हि.स.)। जिले के चितईपुर थाने में तैनात एक उप निरीक्षक ने सोमवार को पारिवारिक विवाद में खुद को अपने सर्विस रिवाल्वर से गोली मार ली। उसको परिजनों ने पुलिस की मदद से तत्काल मलदहिया स्थित निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर देख बीएचयू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर अफसर भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।
मूलरूप से रोहतास बिहार के निवासी उप निरीक्षक मनीष सिंह इन दिनों चितईपुर थाने में तैनात हैं। अपने परिवार के साथ सारनाथ शक्ति पीठ आश्रम के पास आवास में रहते हैं। दोपहर में घर पर मौजूद मनीष सिंह ने पारिवारिक विवाद में अपने सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली और लड़खड़ाकर गिर गये। गोली चेहरे की ठुड्डी में लगते हुए सिर से निकल गई। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और सारनाथ पुलिस को सूचना दी। तत्काल मौके पर पहुंचे सारनाथ थाना प्रभारी अर्जुन सिंह घायल उप निरीक्षक को लेकर सिंह मेडिकल पहुंचे, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया। मौके पर डीसीपी काशी आरएस गौतम, एडीसीपी वरुणा प्रबल प्रताप सिंह भी पहुंच गये।
श्रीधर
