पहले सैफई में महोत्सव होता था अब हर जिले में हो रहा महोत्सव : जयवीर सिंह

-पर्यटन मंत्री ने फिरोजाबाद महोत्सव का किया शुभारंभ

फिरोजाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने फिरोजाबाद महोत्सव का फीता काटकर एव दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा की पहले एक सैफई महोत्सव होता था लेकिन अब हर जिले में महोत्सव हो रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह नगर के पी. डी. जैन इंटर कालेज मैदान पहुंचे। जहां उन्होंने 27 जनवरी से 5 फरवरी तक आयोजित 10 दिवसीय फिरोजाबाद महोत्सव का शुभारम्भ किया। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा कैबिनेट मंत्री का पुष्प गुच्छ प्रदान कर स्वागत किया गया। तत्पचात स्कूली बच्चों ने सरस्वती बंदना की प्रस्तुति दी। इसके बाद अतिथि उद्बोधन हुआ।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि आजादी के बाद पहली बार प्रत्येक जिले में पर्यटन एव संस्कृति परिषद की स्थापना की गई। जिसके सानिध्य में प्रदेश के प्रत्येक जिले में उसके स्थापना दिवस को महोत्सव के रूप में मनाने का काम किया जा रहा है। फिरोजाबाद महोत्सव भी उसी परिषद के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। हमारा प्रयास है कि फिरोजाबाद को और ऊंचाइयों पर ले जाया जाए।

फिरोजाबाद महोत्सव की चर्चा दूर_दूर तक है क्योंकि इस महोत्सव में कैलाश खैर, अनूप जलोटा, मालिनी अवस्थी सहित कई राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। पर्यटन मंत्री ने फिरोजाबाद महोत्सव के प्रचार प्रसार के लिए फिरोजाबाद की जनता को इसका ब्रांड एंबेसडर बताते कहा की वह भी इसका प्रचार प्रसार करे।

उन्होंने सैफई महोत्सव पर सवाल के जबाव में कहा कि पहले एक गांव में महोत्सव होता था, एक गांव का विकास होता था एक गांव में बिजली आती थी लेकिन अब ऐसा नहीं है मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में स्थापना दिवस के मौके पर महोत्सव का आयोजन हो रहा है, प्रत्येक जिले में समान विकास हो रहा है, सभी जिलों में समान बिजली आ रही है। एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्षमता है कि वह भारत का ग्रोथ इंजन बन सकता है और इसे योगी सरकार सावित करके दिखाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले लोग उत्तर प्रदेश में घूमना भी पसंद नहीं करते थे लेकिन अब योगी सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था अन्य प्रदेशों के लिए नजीर बनती जा रही है। बुलडोजर इतना फैमस हो गया है कि अपराधियों में भय व्याप्त है। उन्होंने कहा की उत्तर प्रदेश में कानून का राज है, भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है।

इस मौके पर भाजपा सांसद चंद्रसेन जादौन, विधायक मनीष असीजा, जिलाध्यक्ष भाजपा वृंदावन लाल गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, जिलाधिकारी रवि रंजन, एसएसपी आशीष तिवारी आदि मौजूद रहे।

कौशल

error: Content is protected !!