Friday, August 28, 2026
Homeकानपुर पश्चिमी हवाओं से 41 के पार रहा तापमान, बारिश की संभावना

 पश्चिमी हवाओं से 41 के पार रहा तापमान, बारिश की संभावना

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय से एक डिग्री गिरा तापमान

कानपुर(हि.स.)। मानसून की उल्टी गिनती शुरु होने से पहले समुद्री चक्रवाती तूफान बिपरजॉय सक्रिय हो गया। इससे मौसम का मिजाज बदल गया और पश्चिमी हवाओं का प्रभाव भी कम हो गया। इसके कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। हालांकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41 के पार रहा और मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। साथ ही धूल भरी हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि आमतौर पर कानपुर सहित मैदानी क्षेत्रों में मानसून 18 जून के आसपास आ जाता है। लेकिन इस बार मानसून धीमी गति से चल रहा है। इसके पीछे पहले बंगाल की खाड़ी में बना अलनीनो रहा फिर अरब सागर में बिपरजॉय तूफान सक्रिय हो गया। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय की सक्रियता से तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिर गया और तेज हवाएं चलने लगी। इस तूफान का असर अभी तीन दिन तक मानसून पर पड़ेगा और कानपुर में 23 जून के आसपास मानसून बारिश करेगा।

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 48 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 34 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 12.1 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण 21 जून तक धूल भरी आंधी के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

अजय/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular