पश्चिमी हवाओं से लू का बढ़ा दायरा, 40 से नीचे रहा पारा

-27 और 28 मई को हल्की बारिश की संभावना

कानपुर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से भले ही तापमान 40 से नीचे चल रहा हो लेकिन पश्चिमी हवाएं लू के दायरे को बढ़ा ही रही हैं। सामान्य से कम तापमान होने के बावजूद भीषण लू से लोगों का जीना मुहाल हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि अब दिनों दिन लू बढ़ेगी। फिलहाल चक्रवाती हवाओं से 27 और 28 मई को हल्की बारिश की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 23 मई से पश्चिमी हिमालय पहुंचेगा। एक ट्रफ निचले स्तरों पर बिहार से तेलंगाना तक हुए छत्तीसगढ़ होते हुए जा रही है। एक ट्रफ उत्तर आंतरिक कर्नाटक से दक्षिण तमिलनाडु तक फैली हुई है। इसका असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है और आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू है। हालांकि उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने से लू में बराबर बढ़ोतरी हो रही है।

उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 39.8 और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 41 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 22 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.4 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के कारण 27 से 28 मई के मध्य हल्की वर्षा होने की संभावना है।

अजय सिंह/दिलीप

error: Content is protected !!