Saturday, June 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपश्चिमी विक्षोभ से दिन और रात का बढ़ा तापमान

पश्चिमी विक्षोभ से दिन और रात का बढ़ा तापमान

कानपुर (हि.स.)। मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया और पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से दिन और रात का तापमान बढ़ गया। बुधवार को जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 23.5 और 5.4 डिग्री रहा तो वहीं गुरुवार को 25 और 8.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि आसमान साफ रहने से बारिश की संभावना नहीं है। इसके साथ ही कोहरे की सघनता और तीव्रता में कमी आएगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र छोटी अवधि के लिए एक दबाव में बदल सकता है और पश्चिम दक्षिण पश्चिम की ओर लंका में कोमोरिन क्षेत्र की ओर बढ़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ को मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पछुआ पवनों में एक द्रोणिका के रूप में देखा जाता है, जिसका अक्ष औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। यह मोटे तौर पर 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में 72 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ चल रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु के तटीय इलाकों में एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है। शेष देश में मौसम शुष्क रहेगा। 26 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और हिमपात शुरू हो सकता है। उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरे की सघनता और तीव्रता में कमी आई है। मध्य पाकिस्तान पंजाब हरियाणा राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा जारी रह सकता है। पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति रहने की उम्मीद है।

कानपुर में अधिकतम तापमान 25.0 और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 95 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 40 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 1.8 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में साफ आसमान रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है तथा प्रातः काल एवं रात्रि के समय ठंड/कोहरा बना रहेगा। पश्चिमी विछोभ के कारण तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

अजय सिंह

RELATED ARTICLES

Most Popular