Friday, April 24, 2026
Homeखेलपद्म श्री पुरस्कार प्राप्त करने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर बनीं बेमबेम...

पद्म श्री पुरस्कार प्राप्त करने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर बनीं बेमबेम देवी

नई दिल्ली(हि.स.)। भारतीय फुटबॉल की दुर्गा” ओइनम बेमबेम देवी प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार प्राप्त करने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर बनीं। इसके अलावा वह यह पुरस्कार प्राप्त करने वाली सातवीं फुटबॉलर हैं।

बेमबेम देवी ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से पुरस्कार ग्रहण किया।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने अपने बयान में कहा, “बधाई! यह भारतीय फुटबॉल के लिए बेहद गर्व का क्षण है। बेमबेम देवी भारतीय फुटबॉल के लिए एक आदर्श रही हैं और वर्षों से भारत के लिए कई पुरस्कार जीते हैं। मुझे उम्मीद है कि और लड़कियां उनसे प्रेरणा लेंगी और भारतीय महिला फुटबॉल को और ऊंचाइयों पर ले जाएंगी।”

एआईएफएफ के महासचिव कुशाल दास ने अपने बयान में कहा, “बेमबेम एक जीवित किंवदंती है और वर्षों से भारतीय महिला फुटबॉल की ध्वजवाहक रही हैं। 2022 भारत में महिला फुटबॉल का वर्ष है क्योंकि हम एशियाई कप भारत 2022, और फिर फीफा अंडर-17 विश्व कप भारत 2022 की मेजबानी कर रहे हैं।”

आगे कहा,”मुझे विश्वास है कि यह पुरस्कार अगली पीढ़ी को प्रेरित करने और सभी हितधारकों के बीच रुचि पैदा करने के लिए आवश्यक उत्साह प्रदान करेगा। बधाई हो!”

इस पुरस्कार के साथ ही बेमबेम स्वर्गीय गोस्थो पॉल, स्वर्गीय सेलेन मन्ना, चुन्नी गोस्वामी, पीके बनर्जी, बाईचुंग भूटिया और वर्तमान भारतीय पुरुष राष्ट्रीय टीम के कप्तान सुनील छेत्री के प्रतिष्ठित क्लब में शामिल हो गयी हैं, जिन्होंने प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार जीता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular