Saturday, April 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपत्नी के खुदकुशी मामले में मसाला कारोबारी मां समेत लखनऊ से गिरफ्तार

पत्नी के खुदकुशी मामले में मसाला कारोबारी मां समेत लखनऊ से गिरफ्तार

कानपुर (हि.स.)। नजीराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक नगर में मसाला कारोबारी परिवार की बहू का शव शनिवार को पंखे पर लटका मिला था। घटना को लेकर मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा काटा और फरार पति व सास सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने बीती रात लखनऊ से आरोपी पति व सास को गिरफ्तार करते हुए घटना में कार्यवाही शुरू कर दी है।

घटना क्रम के मुताबिक, थाना काकादेव निवासी कारोबारी पवन ग्रोवर की 24 वर्षीय बेटी आंचल खरबंदा का विवाह तीन साल पहले अशोकनगर के रहने वाले सूर्यांश से हुआ था। शनिवार को आंचल के परिजनों को जानकारी मिली कि उसने फांसी लगा ली है। कुछ देर बाद परिजनों द्वारा गेट खोला गया और वह लोग मकान के दूसरे खंड में बने कमरे में पहुंचे तो वहां आंचल का शव पंखे में दुपट्टे के सहारे लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शीशे की खिड़की तोड़कर शव को बाहर निकाला।

घर में आंचल का पति सूर्यांश और सास निशा नहीं मिले। आंचल के घरवालों ने बेटी की दहेज हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आंचल के परिजनों ने पहले शव को पोस्टमार्टम के लिये ले जाने का विरोध करने लगे। काफी समझाने के बाद जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तो वहां भी शव को बाहर निकाल कर हंगामा करने लगे। पुलिस ने काफी जद्दोजहद के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।

देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। उधर, आंचल के पति सूर्यांश और सास निशा को पुलिस ने तेजी दिखाते हुए लखनऊ से पकड़ लिया। पुलिस दोनों आरोपितों को देर रात कानपुर ले आई। दोनों के खिलाफ पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच व अग्रिम कार्रवाई शुरु कर दी है। इतनी त्वरित कार्रवाई करने वाले पुलिस टीम को डीसीपी दक्षिण रवीना त्यागी द्वारा पुरुस्कृत किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular