Monday, September 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनोएडा : पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल

नोएडा : पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल

गाजियाबाद(हि.स.)। नोएडा सेक्टर-39 थाना अंतर्गत सेक्टर-94 स्थित सुपरटेक टॉवर के पास पुलिस एवं बदमाशों के बीच रविवार को मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से गोलियां चलीं, जिसमे तीन बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये तीनों बदमाश नोएडा, दिल्ली, हरियाणा में कार का शीशा तोड़कर कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं तथा कई-कई बार जेल जा चुके हैं।

एडीसीपी रणविजय सिंह ने रविवार को बताया कि दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद आदि क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से गाड़ियों के शीशे तोड़कर लैपटॉप एवं अन्य अन्य कीमती सामान चोरी किये जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। इन घटनाओं में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए नोएडा पुलिस ने कई टीमें बना रखी थीं। इसी कड़ी में आज पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश सेक्टर-94 में आने वाले हैं। पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी तभी एक ऑटो में तीन युवक आए। उनको पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें दीपक, दिनेश और ज़ाकिर नाम के बदमाश घायल हो गए। तीनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रणविजय सिंह ने बताया कि इन लोगों के पास से तीन तमंचे, एक गुलेल 75 गोलियां और लैपटॉप समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गुलेल का इस्तेमाल यह लोग कारों का शीशा तोड़ने के लिए करते थे। दीपक इतना शातिर है कि उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 75 मुकदमे दर्ज हैं। ज़ाकिर पर भी लगभग दो दर्जन मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज है। बदमाशों से विस्तृत जानकारी हासिल की जा रही है।

फरमान/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular