Sunday, May 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशनगर निकाय के चुनाव में कानपुर की सभी सीटों पर जीतेगी भाजपा...

नगर निकाय के चुनाव में कानपुर की सभी सीटों पर जीतेगी भाजपा : बृजेश पाठक

– बूथ स्तर पर जोरों पर हैं चुनाव की तैयारियां, जनता का मिल रहा आशीर्वाद

कानपुर (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पार्टी की ओर से जोरों पर हैं और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सक्रिय हैं। केन्द्र और प्रदेश सरकार के कार्यों को लेकर जनता खुश और हमारे कार्यकर्ताओं को सम्मान मिल रहा है। प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के कामों को लेकर हम जनता के बीच चुनाव में जाएंगे। यूपी की कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है ।जनता का भाजपा को आशीर्वाद मिल रहा है। नगर निकाय चुनाव में कानपुर की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है। यह बातें शनिवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने खबरनवीसों से बातचीत के क्रम में कहीं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता योगी सरकार को अपनी सरकार समझ रही है। जेडीयू अध्यक्ष लल्लन सिंह द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी पर कहा कि वह लोग अब समाप्ति की ओर हैं, तभी ऐसे बयान दिये जा रहे हैं। उन्होंने जिस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग प्रधानमंत्री के लिए किया है, उससे देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के बयान ‘संवैधानिक संस्थाएंं और जज भी भाजपा के हैं इसीलिए सभी फैसले भाजपा के पक्ष में आते हैं’ पर कहा कि ऐसे बयान से संवैधानिक संस्थाओं का अपमान होता है। हम लोग संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप कार्य करते हैं और सभी से अपील है कि संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा बनाये रखें।

मदरसों को लेकर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि बिना मान्यता प्राप्त मदरसों की जांच होगी और विधिक कार्यवाही की जाएगी। मदरसों की जांच का अहम पहलू उनको मिलने वाली वित्तीय सहायता होगी। उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में चल रही बाढ़ को लेकर कहा कि पहले सूखे की स्थिति थी, उससे किसी तरह से निपटा गया। अमूमन अक्टूबर माह में इतनी वर्षा नहीं होती। इस बार बारिश से जो क्षेत्र प्रभावित हुए हैं ,उन इलाकों का बराबर दौरा किया जा रहा है और लोगों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। जिन लोगों के मकान गिर गये हैं, उन लोगों को मकान मुहैया कराया जा रहा है। इस मुसीबत में किसानों और गरीब जनता के साथ सरकार पूरी तरह से खड़ी है।

मीडिया से मुखातिब होने से पहले उप मुख्यमंत्री ने कानपुर- बुन्देलखण्ड के क्षेत्रीय कार्यालय पर पदाधिकारियों के साथ बैठक की और नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को परखा। इसके साथ ही चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर जीत के लिए पदाधिकारियों से चर्चा की।

अजय

RELATED ARTICLES

Most Popular