वाराणसी(हि.स.)। शहर के सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले नईसड़क चौराहे पर पिछले एक सप्ताह से पानी बह रहा है। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर भी जलसंस्थान के अफसरों के इस समस्या पर ध्यान न देने से नाराज पूर्व पार्षद शाहिद अली ‘मुन्ना’ ने अनोखा प्रदर्शन किया है। उन्होंने बह रहे पानी के बीच लेटकर धरना देते हुए समस्या का निदान कराने की मांग की। पूर्व पार्षद के इस तरह धरना को देख क्षेत्रीय लोग भी जमा हो गये।
नई सड़क से औरंगाबाद की ओर जाने वाली सड़क के बीचोबीच पेयजल की पाइप टूटने से सड़क के दोनों तरफ पानी बह रहा है। दालमंडी जाने वाले मार्ग से लेकर लगड़ा हाफिज मस्जिद तक फिसलन की स्थिति बनी हुई है। पूर्व पार्षद शाहिद अली मुन्ना का आरोप है कि जलसंस्थान की लापरवाही से सात दिनों से पानी बह रहा है। नई सड़क के कपड़ा विक्रेता राशिद ने बताया कि नई सड़क-बेनिया मुख्य मार्ग पर पाइप लाइन में लीकेज से सड़क पर बहकर पेयजल बर्बाद हो रह है। सात दिनों से समस्या बनी हुई है। लोगों ने जलकल विभाग में इसकी शिकायत भी की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शिकायत के बाद भी अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
श्रीधर
