Tuesday, April 28, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलनई भाजपा के ही नहीं बल्कि नए भारत के भी शिल्पी हैं...

नई भाजपा के ही नहीं बल्कि नए भारत के भी शिल्पी हैं प्रधानमंत्री मोदी : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ”नई भाजपा के शिल्पकार” शीर्षक से प्रकाशित पुस्तक का शुक्रवार को लोकार्पण किया। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी के साथ ही मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, विधायक, वरिष्ठ पत्रकार, विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा ने जो कहा वही किया। जो किया उतना ही बोला। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा आज वही कर रही है। हमारी कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। जनता का शासन जनता के द्वारा जनता के लिए। करोड़ों सदस्य बनाकर दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाई। जनधन योजना के तहत बैंक खाते खोले गए। कोरोना महामारी में वही बैंक खाते मददगार सिद्ध हुए। गरीबों के खाते में पैसे भेजे गए। लाभार्थी योजनाओं की धनराशि उन्हीं खातों में गयी। यह योजना भ्रष्टाचार पर भी कुठाराघात है। लोगों के पास कोई योजना ही नहीं होती है। मोदी जी के पास योजना भी है और क्रियान्वयन का हुनर भी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2014 के पहले हम लोगों से पूछा जाता था। हम कोई नारा देते थे तो दूसरी तरफ से कोई नारा आता था। अब कोई सवाल नहीं कर सकता है। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। मोदी कहते थे कि हम संविधान के दायरे में रहकर समाधान निकालेंगे। वही हुआ। मैं कह सकता हूँ कि नई भाजपा ही नहीं बल्कि पीएम मोदी नए भारत के भी शिल्पी हैं।

योगी ने कहा कि पहले क्षेत्र, जातिवाद से ऊपर उठकर कार्य कर ही नहीं सकती थीं। 2014 में शपथ लेने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ सबका विकास के आधार पर कार्य करने का आश्वासन दिया था। उसी आधार पर कार्य किये। पहले जिन्हें सबसे ज्यादा ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जाती थीं, वे विपन्न के विपन्न ही रह गए। चार करोड़ लोगों को छत नहीं मिल पाई थी। उन्हें इस सरकार में योजनाओं का लाभ मिला।

इस पुस्तक का लेखन वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह ने किया। इसका अनुवाद सुनील त्रिवेदी ने किया है। इस पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नई भाजपा के बारे में लिखा गया है। पुस्तक का प्रकाशन प्रभात प्रकाशन ने किया है। इस मौके पर संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मत्स्य मंत्री संजय निषाद, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्य मंत्री सतीश शर्मा, प्रतिभा शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ल/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular