Monday, June 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदूसरे दिन भी माफिया खान मुबारक के खिलाफ हुई कार्रवाई, 48 विस्वा...

दूसरे दिन भी माफिया खान मुबारक के खिलाफ हुई कार्रवाई, 48 विस्वा में लगी फसल को किया नष्ट

– 48 बिस्वा फसलों को रौंदा, अवैध कमाई से खरीदी गई जमीन को पहले ही कुर्क कर चुका था प्रशासन

अम्बेडकरनगर (हि.स.)। माफिया खान मुबारक के विरूद्ध प्रशासन की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को उसके अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के  बाद प्रशासन ने बुधवार को अवैध रूप से लगाई गई फसलों को नष्ट किया। उल्लेखनीय है कि जनपद में माफिया के विरूद्ध चलाये गये  अभियान के तहत खान मुबारक पर धारा 14 (1) उत्तर प्रदेश गैंगेस्टर अधिनियम की कार्यवाही का आदेश जारी हुआ था। इसी के अनुपालन में 2017 में खान मुबारक की 48 विस्वा उस सम्पत्ति को कुर्क कर दिया गया था, जिसको उसने अवैध कमाई से रिश्तेदारों के नाम क्रय किया था। इनमें एक गाटा 25 व दूसरा 23 बिस्वा का था जो हंसवर थाना क्षेत्र के ही हरसम्हार गांव में स्थित है।
प्रशासन द्वारा कुर्क किये जाने के बावजूद खान मुबारक के गुर्गों द्वारा उस पर खेती की जाती रही थी। बुधवार को पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, उपजिलाधिकारी अभिषेक पाठक, थानाध्यक्ष हंसवर प्रदीप कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल की मौजूदगी में फसलों को ट्रैक्टर से नष्ट किया गया। नष्ट की गई फसलों की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख बताई जा रही है जबकि कुर्क की गई जमीन की कीमत लगभग 72 लाख रूपये आंकी जा रही है। ज्ञातव्य है कि मंगलवार को प्रशासन ने खान मुबारक की लगभग डेढ़ करोड़ रूपये की सम्पत्ति को ध्वस्त करा दिया था जबकि पूर्व में उसकी पांच करोड़ से अधिक की सम्पत्ति जब्त की जा चुकी है। खान मुबारक के साथ ही उसके खास साथी परवेज व उसकी पत्नी रूबीना पर भी प्रशासन का शिकंजा कस गया है। उसके अन्य साथियों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जा रही है। बुधवार को ही पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने हरसम्हार गांव स्थित माफिया खान मुबारक के घर का भी जायजा लिया। सम्भावना जताई जा रही है कि प्रशासन जल्द ही खान मुबारक के घर को भी ध्वस्त करेगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular