मेरठ (हि.स.)। दीपावली पर किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। अस्पतालों में डॉक्टरों की 24 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में बर्न वार्ड पूरी तरह से तैयार किए गए हैं।
कोरोना काल के बाद इस बार दीपावली पर खूब धमाल होने कंी संभावना है। बाजारों में लोगों का उत्साह देखकर दीपावली पूरी तरह से जगमग रहेगी। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं दुरुस्त की गई है। डॉक्टरों की 24 घंटे की ऑनकॉल ड्यूटी लगाई है।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरसी गुप्ता का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में 12 बेड का बर्न वार्ड तैयार किया गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए इस वार्ड में डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ तैयार रहेगा। जिला अस्पताल में भी 10 बेड का बर्न वार्ड बनाया गया है। ब्लड बैंकों को भी अलर्ट मोड पर किया गया है।
सुरक्षा के लिए भारी पुलिस फोर्स तैयार
दीपावली पर सुरक्षा के लिए मेरठ शहर में लगभग तीन हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें आरएएफ, पीएसी और प्रशिक्षु पुलिस जवानों को लगाया गया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि सभी थाना प्रभारियों को अपने एरिया में हालात पर निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में बिजली-पानी की स्थिति दुरुस्त
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम ने दीपावली पर निर्बाध बिजली आपूर्ति करने की तैयारी की है। पीवीवीएनएल के एमडी अरविंद मलप्पा बंगारी ने सभी 14 जिलों में निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह से मेरठ शहर में नगर निगम ने पानी की 24 घंटे सप्लाई जारी रखने का खाका बनाया है। नगर निगम के जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव का कहना है कि किसी भी एरिया में पानी की कमी नहीं होने दी जाएगी।
