Tuesday, September 15, 2026
Homeराज्यदिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में नहीं होगा चक्का जाम: राकेश टिकैत

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में नहीं होगा चक्का जाम: राकेश टिकैत

नई दिल्ली (हि.स.)। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से शनिवार को देश भर में चक्का जाम का आह्वान किये जाने के बाद शुक्रवार को किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि कल दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा, किसान सिर्फ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके अलावा देश भर में दोपहर 11:00 बजे से 2:00 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा। 
भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल  शुक्रवार को गाजीपुर बार्डर पहुंचे और किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से मुलाकात की। छह जनवरी को होने वाले देशव्यापी चक्का जाम को लेकर राकेश टिकैत और बलवीर राज्यपाल की करीब आधे घंटे वार्ता चली। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में छह फरवरी को चक्का जाम नहीं किया जाएगा। किसान केवल जिला प्रशासन को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
इसके साथ ही टिकैत ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के किसानों को कभी भी दिल्ली बुलाया जा सकता है, इसलिए वह अपने ट्रैक्टर में तेल भरवाकर तैयार रखें। टिकैत ने कहा कि दिल्ली में इसलिए चक्का जाम नहीं होगा क्योंकि दिल्ली को पहले से ही सरकार ने जाम कर रखा है। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में किसान इस समय गन्ने की कटाई में लगे हुए हैं, इसलिए दोनों प्रदेशों में छह फरवरी को चक्का जाम न करने का फैसला लिया गया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular