Sunday, September 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशतीरथ सिंह के हत्यारोपितों की गिरफ्तारी को लोगों का थाने पर धरना

तीरथ सिंह के हत्यारोपितों की गिरफ्तारी को लोगों का थाने पर धरना

मेरठ (हि.स.)। किशनपुर गांव के गुरुद्वारा साहिब में हुई सरदार तीरथ सिंह की हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को लोगों ने हस्तिनापुर थाने पर धरना दिया। लोगों ने पीड़ित परिवार के पालन-पोषण की व्यवस्था करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।

हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में गुरुद्वारा साहिब में अलाव सेक रहे सरदार तीरथ सिंह की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने 24 घंटे में नामजद हत्या आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। अभी तक मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को थाने के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। लतीफपुर गांव के ग्राम प्रधान दिलदार सिंह ने बताया कि शनिवार को उनके रिश्तेदार तीरथ सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस अधिकारियों ने 24 घंटे में आरोपितों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था। अभी तक तीन दिन बीतने के बाद भी मुख्य आरोपित गिरफ्तारी नहीं किया जा सका है।

तीरथ सिंह की हत्या से परिवार के पालन-पोषण की समस्या पैदा हो गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने की सूचना एसपी देहात कमलेश बहादुर, एसडीएम मवाना अखिलेश यादव, सीओ आशीष शर्मा को दी गई। आला अधिकारी मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा रहे हैं।

डॉ. कुलदीप/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular