-ऊंचाहार से भाजपा उम्मीदवार अमरपाल मौर्य ने किया नामांकन
रायबरेली(हि.स.)। नामांकन के आठवें दिन गुरुवार को ऊंचाहार से भाजपा उम्मीदवार अमरपाल मौर्य ने अपना नामांकन किया। उनके साथ कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक सहित बड़ी मात्रा में स्थानीय भाजपा नेता मौजूद रहे।
नामांकन के बाद मीडिया से मुख़ातिब कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि 2022 में तीन सौ से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाने की तैयारी है। प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनेंगें।
कहा कि भाजपा श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल और मोदी जी के विचारों वाली पार्टी है जो देश और प्रदेश में सुशासन दे रही है। आज घर-घर उज्ज्वला गैस पहुंची है। किसानों को उनकी उपज का लाभ मिल रहा है। गरीब को छत मिल रही है यह सब उसी विचार के कारण है जिसका लक्ष्य अंत्योदय की स्थापना है।
पाठक ने कहा कि पार्टी ने ऊंचाहार से एक मेहनती कार्यकर्ता को टिकट मिला है जो भारी बहुमत से जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे।
ऊंचाहार से उम्मीदवार अमरपाल मौर्य ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता कहीं भी कमल खिलाने में सक्षम है और वह जमीनी कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि उनका संवाद हर कार्यकर्ता से है और उनका बचपन ऊंचाहार की गलियों में बीता है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस बार यहां से कमल जरूर खिलाएंगे।
गौरतलब है कि अमरपाल मौर्य प्रतापगढ़ के निवासी हैं और पार्टी के प्रदेश महामंत्री के साथ अवध क्षेत्र के प्रभारी भी हैं।
-पत्नी हैं ज्यादा अमीर, रखते हैं रिवॉल्वर का शौक
ऊंचाहार से भाजपा उम्मीदवार अमरपाल मौर्य से ज्यादा अमीर उनकी पत्नी हैं। नामांकन में दिये गए शपथ पत्र के मुताबिक उनके पास 22 लाख 47 हजार पांच सौ बासठ रुपये की संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 49 लाख से ज्यादा के एसेट्स हैं। इसमें नगदी,जमीन और गहने शामिल हैं। शपथ पत्र के अनुसार उनकी पत्नी रमा कुशवाहा के पास करीब तीन सौ ग्राम के सोने के गहने हैं और कई अन्य परिसंपत्ति हैं।
मौर्य के पास ख़ुद की कोई गाड़ी नही है जबकि पत्नी के पास दो स्कूटी हैं। हालांकि मौर्य हथियारों के शौकीन भी हैं और .32बोर की रिवॉल्वर रखते हैं। जिसकी कीमत करीब 25 हजार है। शपथ पत्र में किये गए दावे के अनुसार उनकी कोई आपराधिक पृष्ठ भूमि नहीं है और उनपर कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं है।
रजनीश
