Wednesday, May 6, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयतवांग झड़प पर चीन ने कहा, सीमा पर स्थिति समग्र रूप से...

तवांग झड़प पर चीन ने कहा, सीमा पर स्थिति समग्र रूप से स्थिर

बीजिंग (हि.स.)। भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों की झड़प का खुलासा होने के बाद चीन की प्रतिक्रिया भी आई है। चीन की ओर से कहा गया है कि सीमा पर स्थिति समग्र रूप से स्थिर है।

अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में बीते नौ दिसंबर को वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प का मामला सामने आया है। भारत की ओर से बताया गया कि नुकीले डंडों और लाठियों से लैस 300 से अधिक चीनी सैनिकों की भारतीय सैनिकों से झड़प हो गई। आमने-सामने होने के कारण भारतीय और चीनी सैनिकों को मामूली चोटें आने की बात कही गयी है। भारतीय सैनिकों के डटकर मुकाबला किये जाने के बाद दोनों पक्षों के तुरंत क्षेत्र से हटने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद वहां तैनात सैन्य अधिकारियों शांति बहाल करने के लिए इस मुद्दे पर चर्चा के साथ फ्लैग मीटिंग भी की थी।

शांति के इस दावे के बीच अब चीन का बयान भी सामने आया है। चीन ने कहा है कि भारतीय सीमा पर स्थिति ‘स्थिर’ है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा, “जहां तक हम समझते हैं, चीन-भारत सीमा की स्थिति समग्र रूप से स्थिर है।”

इससे पहले भी कई बार चीनी सैनिकों ने भारत में घुसपैठ की कोशिश की है। तवांग से पहले साल 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प को लेकर भी दोनों देशों के बीच काफी तनाव का माहौल था। अब एक बार फिर चीन ने सीमा विवाद पैदा करने की कोशिश की है।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular