ट्रक क्लीनर को मारी गोली, सैफई रिफर

औरैया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव हरी का पुरवा में शनिवार की रात नशेबाजी में गांव के योगेश उर्फ कल्लू पुत्र राम प्रकाश ने अंशुल (20) पुत्र जगरुप को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे सैफई रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपित युवक के पिता को हिरासत में ले लिया है। आरोपी युवक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। 
शनिवार की रात नशेबाजी में योगेश उर्फ कल्लू व अंशुल में कहासुनी हुई। बात बढ़ने पर योगेश ने अंशुल पर फायर झोंक दिया। गोली अंशुल के दाहिनी तरफ कंधे के पास लगी, जिससे वह गंभीर रुप से घायल होकर वहीं गिर गया। गोली मारने के बाद आरोपी युवक हवा में एक फायर कर दहशत फैलाकर मौके से भाग निकला। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग घटना स्थल की तरफ दौड़े। घायलावस्था में पड़े अंशुल को लेकर 100 शय्या जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया। 
सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि नशेबाजी को लेकर हुए विवाद में आरोपी योगेश ने अंशुल को गोली मार दी। जिससे वह घायल हो गया। इस मामले में आरोपी युवक के पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही आरोपी युवक की तलाश में पुलिस जुट गई है। गांव वालों ने बताया कि घायल अंशुल अपने रिश्तेदार के साथ ट्रक पर क्लीनर के तौर पर नौकरी करता है। जो शनिवार सुबह ही ट्रक से वापस अपने गांव पहुंचा था। जहां शाम को गोलीकांड का शिकार हो गया।

error: Content is protected !!