Saturday, September 26, 2026
Homeखेलजोकोविच को देश से बाहर करने का ऑस्ट्रेलिया को पूरा हक :...

जोकोविच को देश से बाहर करने का ऑस्ट्रेलिया को पूरा हक : शेन वार्न

मेलबर्न (हि.स.)। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वार्न ने शुक्रवार को कहा कि नोवाक जोकोविच को देश से बाहर करने का ऑस्ट्रेलिया को पूरा हक है।

जोकोविच ने बुधवार को स्वीकार किया कि उन्होंने कोविड पॉजिटिव होने के बावजूद 18 दिसंबर को बेलग्रेड में अपने टेनिस सेंटर में एक फ्रांसीसी दैनिक को साक्षात्कार दिया था और फोटोशूट कराया था। हालांकि, जोकोविच ने स्वीकार किया था कि साक्षात्कार देना गलती थी और स्वीकार किया कि उन्हें यह साक्षात्कार स्थगित या पुनर्निर्धारित करना चाहिए था।

वार्न ने ट्विट किया, “नोवाक एक महान टेनिस खिलाड़ी और सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन उन्होंने प्रवेश फॉर्म पर झूठ बोला और कोविड-19 आइसोलेशन के नियमों को तोड़ा है। यह उन्हें ऑस्ट्रेलिया से बाहर करने यानी निर्वासित करने के लिए पर्याप्त कारण है।”

विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी जोकोविच पिछले सप्ताह मेलबर्न आए थे। उनके इमिग्रेशन दस्तावेजों में कोरोना की जानकारी सबंधी तमाम गलतियां पाई गई हैं। उनके फॉर्म में जानकारी दी गई थी कि ऑस्ट्रेलिया के लिए फ्लाइट पकड़ने से पहले उन्होंने 14 दिन तक यात्रा नहीं की थी, लेकिन इस खिलाड़ी को फ्लाइट पकड़ने से दो हफ्ते पहले स्पेन और सर्बिया में देखा गया था। इस कारण अब उनके ग्रैंडस्लैम में भाग लेने को लेकर खतरा पैदा हो गया है।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular