Tuesday, May 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी सहित तीन पूर्व विधायकों के बैरकों...

जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी सहित तीन पूर्व विधायकों के बैरकों की तलाशी

बांदा (हि.स.)। जेल में बंद पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी सहित तीन पूर्व विधायकों के बैरकों की डीएम-एसपी ने अचानक पहुंचकर तलाशी ली। कई घंटों की तलाशी अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों को बैरकों में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

जनपद बांदा मुख्यालय में स्थित मंडल कारागार में इस समय तीन पूर्व विधायक बंद हैं, इनमें पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता ब्रह्मा द्विवेदी हत्याकांड के मुख्य आरोपी सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह और खनिज अधिकारी से मारपीट कर धन उगाही के मामले में दो दिन पहले जेल पहुंचे सपा के पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति शामिल हैं।

एक साथ तीन विधायकों के जेल में बंद होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इनके बैरकों में कोई आपत्तिजनक वस्तु तो नहीं पहुंच रही है और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं बरती जा रही है। इन आशंकाओं को दूर करने के लिए बुधवार को जिला अधिकारी अनुराग पटेल और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन दोपहर में अचानक जेल पहुंच गए।

दोनों अधिकारियों ने बैरक खुलवाने के बाद एक तरफ से सभी बैरकों की तलाशी ली। खासकर मुख्तार अंसारी, बृजेश प्रजापति और विजय सिंह के बैरकों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान यहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए गए।

जेल का निरीक्षण करने के बाद बाहर निकले जिलाधिकारी अनुराग पटेल में बताया कि जिले में बाढ़ के कारण हम लोग जेल का निरीक्षण नहीं कर पाए। यह निरीक्षण हर माह किया जाता है। आज महीने की आखिरी तारीख है इसीलिए सभी बैरकों की तलाशी गई है। इसके अलावा पाकशाला मेडिकल, महिला बैरक की भी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान किसी बैरक में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई है, यह एक रूटीन चेकिंग थी।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular