Sunday, September 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजेडीए का बुलडोजर चला, 110 करोड़ की जमीन कराई कब्जा मुक्त

जेडीए का बुलडोजर चला, 110 करोड़ की जमीन कराई कब्जा मुक्त

– 2005 से न्यायालय में चल रहा था मामला, मुआब्जा मिलने के बाद भी था कब्जा

झांसी (हि.स.)। सीपरी बाजार क्षेत्र में झांसी कमिश्नर डॉ अजय शंकर पांडे की पहल पर जेडीए ने कानपुर-ग्वालियर बाईपास पर करीब 110 करोड़ कीमत की 25 एकड़ सरकारी जमीन कब्जा मुक्त करवा ली। जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश दीक्षित के नेतृत्व में भारी पुलिस बल बेतवा विहार कॉलोनी के पास कानपुर ग्वालियर बाईपास पर पहुंच गया और कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसका कब्जाधारियों ने पहले विरोध किया लेकिन पुलिस बल देखकर सभी शांत हो गए। जेडीए उपाध्यक्ष ने भी उन्हें न्यायालय में ही बात करने की नसीहत दी।

इस जमीन का मामला 2005 से न्यायालय में विचाराधीन था। कुशवाहा परिवार से झांसी विकास प्राधिकरण ने इस जमीन को वर्ष 2004 में अधिग्रहण किया था और मुआवजा भी दिया था। लेकिन कुशवाहा परिवार इस मुआवजे से संतुष्ट नहीं था और न ही जेडीए को अपनी जमीन देना चाहता था। इसको लेकर कुशवाहा परिवार ने न्यायालय में अपील दायर की थी। लगातार मुकदमे बाजी हो रही थी, इस बीच जेडीए ने कई बार जमीन खाली कराने का प्रयास भी किया, लेकिन जमीन कब्जा मुक्त नहीं हो पाई। फिर झांसी कमिश्नर डॉ अजय शंकर पांडे और जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश दीक्षित ने पहल करते हुए प्रशासनिक टीम को पूरी जानकारी दी और गुरुवार को जमीन कब्जा मुक्त कराया गया।

जेडीए का यहां आवासीय कॉलोनी विकसित करने का प्रस्ताव किया था। लेकिन, कुशवाहा परिवार के लोगों ने इस पर कब्जा जमा रखा था। कई बार कोशिश के बावजूद जेडीए इसे खाली नहीं करा पा रहा था। गुरुवार को भारी पुलिस बल और पीएसी के साथ जेडीए अफसरों ने भूमि को कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई करते हुए जेडीए दस्ते ने जमीन को समतल करके उस पर कब्जा किया। बाहर जेडीए ने अपना बोर्ड लगा दिया है। सूत्रों का कहना है कि कुशवाहा पक्ष इस कार्यवाही के विरोध में न्यायालय जाएगा।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular