– बीमार बंदियों और कैदियों की स्वास्थ्य जांच कराने के दिये निर्देश
हमीरपुर (हि.स.)। जिला जज, सीजेएम, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से बुधवार को यहां जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर बैरकों की सघन तलाशी करायी। उन्होंने जुकाम, बुखार व अन्य स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्यायें बताने वाले बंदियों की स्वास्थ्य जांच कराये जाने के निर्देश जिला जज ने दिये है।
जिला जज श्याम जीत यादव, सीजेेएम अनिल कुमार, जिलाधिकारी डा. ज्ञानेश्वर त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह ने अचानक जेल पहुंचे और महिला बैरक तथा अन्य बैरकों का निरीक्षण कर वहां साफ सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जेल में सभी बैरकों में रखे सामानों की भी सघन जांच और तलाशी करायी गयी। हालांकि कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं पाई गयी। जिला जज ने कारागार में निरुद्ध सभी बंदियों और कैदियों से जेल में मिलने वाले भोजन और अन्य सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। किसी भी बंदी ने इस मामले में कोई भी समस्या न होने और समय-समय पर अच्छा भोजन मिलने की बात बतायी।
जिला जज ने पाकशाला किचन पहुंचकर वहां बनाये जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा साफ सफाई आदि का जायजा लिया। बैरकों के निरीक्षण में जिला जज ने कैदियों और बंदियों से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ की तो बंदियों ने कहा कि उन्हें जुकाम और बुखार की समस्या है। इस पर जिला जज ने बंदियों और कैदियों की तत्काल स्वास्थ्य जांच कराकर समुचित इलाज कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने जिला कारागार के अस्पताल का भी निरीक्षण किया और वहां भर्ती बंदियों व कैदियों से पूछताछ की। इस मौके पर जेल अधीक्षक अनिल कुमार गौतम तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला जज ने सीजेएम डीएम व एसपी के साथ जेल की बैरकों की ली तलाशी
RELATED ARTICLES
