Thursday, May 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजिन्ना बहुत पहले दफन हो चुके हैं, अब नहीं आएंगे बाहर: केशव...

जिन्ना बहुत पहले दफन हो चुके हैं, अब नहीं आएंगे बाहर: केशव प्रसाद मौर्य

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि विधानसभा के अगले चुनाव में भाजपा 300 के उपर सीटें जीतेगी। शुक्रवार को उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में पार्टी पूरी मजबूती से विधानसभा का चुनाव लड़ेगी।

भाजपा के प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में भाग लेने आये केशव प्रसाद मौर्य मीडिया से रूबरू थे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिला है । चुनाव में हम केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों को लेकर जनता के बीच में जायेंगे।

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की लिखी पुस्तक में विवादित टिप्पणी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि किताब में हिन्दू संगठनों और हिन्दू समाज का घोर अपमान किया गया है। उन्होंने मांग की है कि सलमान खुर्शीद विवादित अंश को वापस लें। उप मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी, जनेऊधारी राहुल गांधी और पुजारिन बनी प्रियंका गांधी के दिल में भगवान की असली भक्ति है कि नही। इस मामले में तीनों लोगों का कोई बयान नही आया। विपक्षी दलों के जिन्ना प्रेम से जुड़े सवाल पर मौर्य ने मुस्कराते हुए कहा कि बहुत देर हो गयी, जिन्ना दफ़न हो गए हैं, अब नहीं आएंगे बाहर।

भाजपा के संगठनात्मक बैठक से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अमित शाह का जब भी मार्गदर्शन मिलता है, भाजपा की ऐतिहासिक जीत होती है। 2014, 2017 और 2019 का चुनाव इसका गवाह है। एक बार फिर 2022 में वे पार्टी का मार्गदर्शन करने के लिए आ रहे हैं। काशी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र तो है ही,प्रदेश में भी बड़ा केंद्र है। पार्टी यहां बैठक करती रहती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular