Sunday, September 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजाति, धर्म और लिंग की संकीर्ण मानसिकताओं से रहित है गणतंत्र की...

जाति, धर्म और लिंग की संकीर्ण मानसिकताओं से रहित है गणतंत्र की मूल भावना : अजय राय

लखनऊ(हि.स.)। उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने परंपरागत तरीके से तिरंगा फहरा कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस मौके पर ध्वज रक्षक की भूमिका में सेवादल के मुख्य संगठक डा. प्रमोद कुमार पाण्डेय रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम’’ से हुई।

अजय राय ने कहा कि आज हमारा देश 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर मैं सभी कांग्रेसजनों एवं प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं। कामना करता हूं कि हमारा गणतंत्र शक्तिशाली बना रहे एवं निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसरित हो। उन्होंने कहा कि गणतंत्र की मूल भावना है कि ऐसे भारत की स्थापना जो भेदभाव, जाति, धर्म, लिंग आदि संकीर्ण मानसिकताओं से रहित हो और और किसी बिना भेदभाव के देश के हर नागरिक को समान अवसर प्राप्त हो।

उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हमारा संविधान सबको बराबरी का स्थान देता है। मोदी सरकार की नीतियां इसी समानता और न्याय को खत्म कर संविधान को कमजोर करना चाह रहे हैं। जननायक राहुल गांधी ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने के लिए ‘‘भारत जोड़ो’’ यात्रा काश्मीर से कन्याकुमारी तक की।

श्री राय ने कहा कि आज के विषम हालात को देखते हुए और पंच न्याय (युवा न्याय, भागीदारी न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, और श्रमिक न्याय) को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू हो चुकी है। आज के दिन हमें संकल्प लेना है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, हम सबकी प्रेरणास्रोत सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंशा के अनुरूप कांग्रेस को मजबूत करेंगे।

इस मौके पर प्रमुख रूप से राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी, उ0प्र0 कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’ प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह, कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, शरद मिश्रा, संगठन महासचिव अनिल यादव, प्रदेश सचिव अतुल सिंह, पूर्व विधायक इन्दल रावत, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 हिलाल अहमद नकवी, प्रियंका गुप्ता, रफत फातिमा आदि उपस्थित रहे।

उपेन्द्र/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular