Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजबरन बेटी से विवाह के रंजिश में ससुराली जनों ने हिस्ट्रीशीटर की...

जबरन बेटी से विवाह के रंजिश में ससुराली जनों ने हिस्ट्रीशीटर की हत्या की, तीन गिरफ्तार

बांदा(हि.स.)। जिले के पैलानी थाना क्षेत्र स्थित चंदवारा गांव में हिस्ट्रीशीटर आशीष सिंह उर्फ लोहा सिंह की हत्या गांव के ही महेंद्र सिंह व उसके भाई तथा पुत्रों ने मिलकर की। क्योंकि लोहा सिंह ने उनकी बेटी से प्रेम विवाह के नाम पर जबरन शादी की थी। इसी रंजिश के चलते ससुराली जन पहले भी उस पर जानलेवा हमला कर चुके थे। हत्या के सिलसिले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

इस बात का खुलासा मृतक लोहा सिंह के चाचा सुरेश सिंह पुत्र स्वर्गीय मातादीन सिंह द्वारा थाने में की दी गई तहरीर से हुआ। दी गई तहरीर में सुरेश सिंह ने बताया कि गुरुवार को मैं शाम लगभग 4.30 बजे अपने भतीजे आशीष सिंह उर्फ लोहा सिंह पुत्र स्वर्गीय नरेश सिंह के साथ अपना खेत देखने गया था। हम लोग जिस समय खेत में थे। इसी दौरान महेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, कृष्ण पाल सिंह पुत्रगण गढ़ स्वर्गीय दीन दयाल सिंह, सौरभ सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, दीपू सिंह व सुशील सिंह पुत्रगण उपेंद्र सिंह, अंकित पुत्र कृष्ण पाल सिंह व मोनू सिंह पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम चंदवारा तीन चार अज्ञात व्यक्तियों के साथ मय असलहों के दिखाई पड़े।

यह देख कर हम चौकन्ना हो गए और आशीष वहां से चुपचाप निकल लिया। तभी यह सभी लोग उसकी ओर दौड़े और सड़क तक आते-आते असलहों से फायर करना शुरू कर दिया। जिससे लोहा सिंह के गोली लग गई और वह कुछ दूर भागने के बाद वह गिर गया। तब तक हमलावरों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और उसे उसी हालत में घसीट कर सड़क के किनारे खंती में मुन्नू सोनकर के घर के पास फेंक कर उसमें पयार डाल दिया। इस बीच हमलावरों ने मुझे भी खदेड़ा लेकिन मैं खेतों खेतों भागता रहा। तब तक हमलावरों ने मुझ पर भी फायरिंग की, लेकिन किसी तरह मैं अपनी जान बचाने में सफल रहा।

सुरेश सिंह ने यह भी बताया कि मेरे भतीजे ने कुछ साल पहले महेंद्र सिंह की पुत्री रंजना से प्रेम विवाह किया था। इस पर महेंद्र सिंह व उसका परिवार दुश्मनी मानने लगा। इसके पहले ग्राम चौकी पुरवा व मरझा के बीच जान से मारने का प्रयास किया था। जिसकी सूचना उसने अधिकारियों को दी थी। इसके बाद भी महेंद्र सिंह लगातार उसे मारने का प्रयास कर रहा था और कल शाम सूर्यास्त से पहले अपने उक्त साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और उसकी मोटरसाइकिल उठाकर कुछ दूरी पर जंगल में फेंक दिया तथा लाश को गायब करने की नियत से बोरी में भरकर गड्ढे में फेंक दिया। लाश में ऊपर से पयार डाल दिया इसके बाद वहां से सभी लोग भाग गए।

इस बीच पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि मृतक लगातार अपनी पत्नी पर चरित्र को लेकर आरोप लगा रहा था। जिससे परिवार के लोग नाराज थे। इसी बात को लेकर कई बार उनके बीच झगड़ा हो चुका था। कल भी इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। जिसमें उसकी हत्या कर दी गई। इस सिलसिले में पुलिस द्वारा 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular