वाराणसी(हि.स.)। कड़कड़ाती आकाशीय बिजली और बारिश में छत पर मोबाइल से बात करना बुधवार को एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर लालपुर पांडेयपुर पुलिस भी मृतक के घर पहुंच गई।
लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र के हुकुलगंज में क्षेत्रीय व्यापार मंडल से जुड़े मनोज गुप्ता का पुत्र अंशु गुप्ता (24) अपराह्न में छत पर मोबाइल से किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली गरजने के साथ बारिश होने लगी। अंशू जब तक बात खत्म कर छत से नीचे उतरता अचानक आकाशीय बिजली उसके उपर गिर गईं। गंभीर रूप से झुलसे अंशू की चीख सुनकन परिजन छत पर पहुंचे तो उसकी हालत देख सन्न रह गये। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर पांडेयपुर स्थित जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोते-बिलखते परिजन शव लेकर घर आये तो अचानक शरीर में हरकत देख उसे निजी अस्पताल में ले गये। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी पर मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में मृतक के घर पर जुट गये। इस घटना से परिवार में लोगो का रो-रो कर हालत खराब है।
श्रीधर
