-कांग्रेस के नेता पूर्व विधायक अजय राय पहुंचे कोर्ट,वापस लौटे
वाराणसी (हि.स.) । लगभग 31 साल पूर्व हुए चर्चित अवधेश राय हत्याकांड मुकदमे में बुधवार को विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) सियाराम चौरसिया की अदालत में सुनवाई होनी थी, लेकिन अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते सुनवाई नहीं हो पाई। इस मामले में अगली सुनवाई के लिए न्यायालय ने 23 मई मुकर्रर की है। विचाराधीन मुकदमें में सुनवाई में शामिल होने के लिए कांग्रेस के नेता पूर्व विधायक अजय राय भी न्यायालय पहुंचे लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि तीन अगस्त 1991 को लहुराबीर क्षेत्र में स्थित आवास के गेट पर ही अवधेश राय के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई थी। अवधेश राय के भाई अजय राय ने मुख्तार अंसारी,पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, भीम सिंह, कमलेश सिंह व राकेश न्यायिक समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मुकदमें में बुधवार को अदालत ने पूर्व विधायक को जरिये सम्मन अदालत में उपस्थित होने का आदेश दिया था। साथ ही चेतगंज पुलिस को कड़ी सुरक्षा में उन्हें कोर्ट लाने व ले जाने का आदेश दिया था। जिस पर अजय राय अपने अधिवक्ता अनुज यादव व अधिवक्ता विकास सिंह के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में अदालत में पेश हुए, जहां उनसे जिरह की कारवाई होनी थी, लेकिन बनारस बार एसोसिएशन द्वारा पारित प्रस्ताव पर अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के चलते मुकदमे में सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत में तारीख पड़ने के बाद चेतगंज पुलिस पूर्व विधायक को कड़ी सुरक्षा में लेकर वापस लौट गई।
श्रीधर
