परिजन ने लगाया लूट के बाद हत्या का आरोप
कन्नौज(हि. स.)। कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के रामगंज मोहल्ले में एक विधवा का उसी के घर पर संदिग्ध परिस्थितिमें शव पड़ा मिला । घटना की जानकारी मिलते पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर गांव पहुंचे परिजनों ने हत्या कर जेवर और नगदी लूटने का आरोप लगाया है। मृतक विधवा के पुत्र ने गले में नाखून का निशान होने का आरोप लगाया है जबकि पुलिस का कहना है कि महिला दमे की मरीज थी और सोते वक्त दम घुटने से उसकी मौत हुई है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के रामगंज मोहल्ले में रहने वाली 70 वर्षीय गिरजा देवी पति राम बहादुर अपने घर में अकेली रहती थी। गुरुवार की सुबह गिरजा देवी की बेटी राखी ने बात करने के लिए अपनी ससुराल से मां को फोन किया लेकिन मां ने कॉल रिसीव नहीं की जिससे उसकी बेटी को चिंता हुई। ऐसे में उसने पड़ोसी सुनील के यहां फोन किया और मां से बात कराने के लिए कहा। सुनील की बेटी फोन लेकर जब गिरजा देवी के घर पहुंची तो वह चारपाई पर बेहोश पड़ी मिली। बेटी ने जाकर अपने घरवालों को बताया तब अन्य पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस और उनके अन्य परिजनों को दी । महिला की तीन बेटियां सीमा, लक्ष्मी और राखी हैं जबकि उनके दो पुत्र राहुल और विजय हैं । सभी अपने -अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं।
मृतक गिरजा देवी के बेटे ने बताया कि उसकी मां 2 दिन पहले बैंक से रुपए निकाल कर लाई थी जिसके बाद उसके घर में चोरी हो गई। मां ने अपने बच्चों से चोरों को पहचानने का भी जिक्र किया था, जिस पर परिजनों ने गिरजा देवी से कहा कि होली के बाद पुलिस से मिलकर चोरों के बारे में रिपोर्ट करेंगे। इन सब घटनाओं के कारण ही परिजनों को शंका है कि चोरों द्वारा पहचाने जाने के डर से रात में ही उनकी मां की हत्या की गई है।
गांव में गिरजा देवी के पड़ोस में रहने वाली कृपा रानी ने बताया की गिरजा देवी की हत्या कर लूटपाट की गई है क्योंकि सुबह उसके शरीर पर पहने हुए कोई भी जेवर नहीं थे। गले में दुपट्टा लपेट कर फांसी लगाई गई, जिस कारण गले में चोट के निशान भी मिले हैं।
संजीव झा।
